आपदा प्रबंधन में उत्तराखंड SDRF ने बनाया नया कीर्तिमान, मिला ISO प्रमाणपत्र

  • गुणवत्ता प्रबंधन प्रणाली को मिला अंतरराष्ट्रीय मानक प्रमाणन
  • प्रदेश में 40 से अधिक टीमें 24 घंटे राहत एवं बचाव कार्यों के लिए तैनात

देहरादून: उत्तराखंड राज्य आपदा प्रतिवादन बल (SDRF) ने देशभर में नया कीर्तिमान स्थापित किया है। SDRF को प्रतिष्ठित ISO 9001:2015 गुणवत्ता प्रबंधन प्रणाली का प्रमाणपत्र प्राप्त हुआ है। इस उपलब्धि के साथ उत्तराखंड SDRF देश का पहला ऐसा आपदा प्रतिवादन बल बन गया है, जिसे यह अंतरराष्ट्रीय मानक प्रमाणपत्र मिला है।

यह प्रमाणपत्र बल की कार्यकुशलता, अनुशासन, मानक संचालन प्रक्रियाओं (SOPs) के अनुपालन और व्यवस्थित कार्यप्रणाली का प्रमाण है।

23 से 25 सितंबर तक हुआ द्वितीय ऑडिट

ISO प्रमाणन प्रक्रिया के तहत 23 से 25 सितंबर 2026 तक SDRF वाहिनी मुख्यालय, जौलीग्रांट में भारतीय मानक ब्यूरो (BIS) द्वारा द्वितीय ऑडिट किया गया।

BIS के पूर्व वैज्ञानिक ‘G’ एवं उप महानिदेशक विष्णु गुप्ता ने सेनानायक अर्पण यदुवंशी की उपस्थिति में विभिन्न शाखाओं का गहन निरीक्षण किया। ऑडिट में प्रशासनिक व्यवस्था, प्रशिक्षण, संसाधन प्रबंधन, दस्तावेजीकरण और गुणवत्ता प्रबंधन का मूल्यांकन किया गया।ऑडिट में खरा उतरने के बाद 8 अक्टूबर 2026 को SDRF उत्तराखंड को औपचारिक रूप से ISO 9001:2015 प्रमाणपत्र प्रदान किया गया।

24×7 अलर्ट रहती हैं 40 से अधिक टीमें

आपदा की दृष्टि से संवेदनशील उत्तराखंड में भूकंप, भूस्खलन, अतिवृष्टि, बादल फटने, बाढ़, हिमस्खलन और सड़क हादसों का खतरा हमेशा बना रहता है। ऐसे में SDRF की 40 से अधिक टीमें प्रदेशभर में 24×7 राहत एवं बचाव के लिए तैनात रहती हैं।

ISO प्रमाणन से कार्यों का मानकीकरण, अभिलेखों का व्यवस्थित रखरखाव और जवाबदेही तय करने में मदद मिलेगी। इससे प्रशिक्षण, उपकरणों के रखरखाव और रेस्क्यू अभियानों की तैयारियों में और सुधार होगा।

चारधाम यात्रा में निभाती है अहम भूमिका

चारधाम यात्रा के दुर्गम पैदल मार्गों, उच्च हिमालयी क्षेत्रों में फंसे ट्रेकर्स के रेस्क्यू, नदी-नालों में सर्च ऑपरेशन और सड़क दुर्घटनाओं के दौरान SDRF की भूमिका सबसे अहम रहती है। धार्मिक आयोजनों, ट्रेकिंग, पर्वतारोहण और रिवर राफ्टिंग के दौरान भी टीमें त्वरित कार्रवाई के लिए तत्पर रहती हैं।

सीएम धामी ने दी बधाई

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस उपलब्धि पर SDRF के अधिकारियों और जवानों को बधाई दी। सीएम ने कहा, “यह प्रदेश के लिए गौरव की उपलब्धि है। यह बल की कार्यकुशलता, अनुशासन और आपदा प्रबंधन में गुणवत्ता के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाती है।”

पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ और आईजी SDRF योगेंद्र सिंह रावत के मार्गदर्शन तथा सेनानायक अर्पण यदुवंशी के नेतृत्व में बल की कार्यप्रणाली को लगातार मजबूत किया जा रहा है। यह प्रमाणपत्र उत्तराखंड पुलिस और प्रदेश की आपदा प्रबंधन व्यवस्था को और सुदृढ़ करेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *