रानीपोखरी में अवैध प्लॉटिंग पर MDDA का शिकंजा, 10 बीघा तक भूमि पर कार्रवाई

  • जितेंद्र बिष्ट और विजय प्रसाद जोशी द्वारा विकसित की जा रही प्लॉटिंग पर कार्रवाई
  • उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने अवैध गतिविधियों पर सख्ती के दिए निर्देश

देहरादून: मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) ने अवैध प्लॉटिंग के खिलाफ कार्रवाई तेज करते हुए रानीपोखरी क्षेत्र में करीब 8 से 10 बीघा भूमि पर की जा रही अवैध प्लॉटिंग के विरुद्ध ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की। प्राधिकरण की प्रवर्तन टीम ने मौके पर पहुंचकर जितेंद्र बिष्ट एवं विजय प्रसाद जोशी द्वारा विकसित की जा रही प्लॉटिंग के खिलाफ कार्रवाई की।

एमडीडीए की इस कार्रवाई के जरिए बिना आवश्यक स्वीकृति के प्लॉटिंग करने वालों के खिलाफ सख्त रुख अपनाया गया है। प्राधिकरण ने स्पष्ट किया है कि नियमों का उल्लंघन कर अवैध प्लॉटिंग और अनधिकृत निर्माण करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी।

अवैध प्लॉटिंग पर सख्त कार्रवाई के निर्देश

एमडीडीए के उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने कहा कि प्राधिकरण क्षेत्र में अवैध प्लॉटिंग और अनधिकृत निर्माण किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को ऐसी गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखने और नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

उन्होंने आमजन से भी अपील की कि बिना प्राधिकरण की स्वीकृति के विकसित की जा रही कॉलोनियों में भूखंड खरीदने से बचें। जमीन या भूखंड खरीदने से पहले उसकी वैधता और आवश्यक स्वीकृतियों की जांच अवश्य कर लें, ताकि भविष्य में किसी तरह की कानूनी या अन्य परेशानी का सामना न करना पड़े।

अवैध प्लॉटिंग के खिलाफ अभियान जारी रहेगा

प्राधिकरण के सचिव मोहन सिंह बर्निया ने कहा कि अवैध प्लॉटिंग के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा। संबंधित अधिकारियों और प्रवर्तन टीम को ऐसे मामलों में त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।

एमडीडीए ने दोहराया कि प्राधिकरण क्षेत्र में नियमों के विपरीत प्लॉटिंग और अनधिकृत निर्माण के मामलों में नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। प्राधिकरण ने लोगों से अपील की है कि भूखंड खरीदने से पहले संबंधित भूमि और कॉलोनी की स्वीकृति की स्थिति की जानकारी अवश्य प्राप्त करें, ताकि भविष्य में आर्थिक नुकसान और कानूनी विवादों से बचा जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *